Donald Trump: ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर बड़ा धमाका किया है. ट्रंप का दावा है कि ईरान के पास न तो नौसेना बची है और न ही वायुसेना. हालात इतने ख़राब हैं कि वह अपने सैनिकों को वेतन तक नहीं दे पा रहा है.
ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन सही डील के लिए अभी वो तैयार नहीं हो रहा है.
साथ ही ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वाले पूरे इलाके पर अमेरिका का फुल कंट्रोल का दावा किया है.
वहीं, ईरान ने कहा है कि उसने दुश्मनों से निपटने के लिए एक मज़बूत रक्षा कवच तैयार कर रखा है.
रॉयटर्स के मुताबिक, ट्रंप ने शुक्रवार को मीडिया से कहा कि ईरान की इच्छा समझौते की ज़रूर है, लेकिन उनकी राय में वह किसी सही डील के लिए तैयार नहीं दिख रहा है.
उन्होंने साफ़ किया कि अमेरिका फिलहाल इस पूरे टकराव पर नज़र बनाए हुए है और देख रहा है कि आगे हालात क्या मोड़ लेते हैं.
ट्रंप ने होर्मुज को लेकर भी बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस पूरे समुद्री क्षेत्र और उससे जुड़े ज़मीनी इलाकों पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है.
ट्रंप ने ईरान की हालत पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां पैसा पूरी तरह ख़त्म हो चुका है.
उनका दावा है कि ईरान के पास न तो नौसेना बची है और न ही वायुसेना. वह अपने सैनिकों को वेतन तक नहीं दे पा रहा है. ईरान में महंगाई चरम पर है.
ट्रंप के बयानों के बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के प्रमुख अहमद वाहिदी ने कहा कि ईरान ने दुश्मनों के खतरों से बचने के लिए एक ठोस रक्षा कवच बना लिया है.
वाहिदी के मुताबिक, कड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बावजूद देश ने अपनी रक्षात्मक और आक्रामक ताकत को बढ़ाया है, जिससे वे किसी भी खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
एक तरफ ट्रंप का दावा है कि ईरान अभी सही समझौते के मूड में नहीं है, तो दूसरी तरफ ईरान अपनी सैन्य ताकत दिखाकर कड़ा संदेश दे रहा है. दोनों देशों के इस रुख से साफ है कि बढ़ते तनाव के बीच समझौते की राह फिलहाल आसान नहीं दिख रही है.
