Saturday, July 27, 2024
HomeELECTIONKarnataka Chunao: 10 मई को होगा कर्नाटक असेंबली चुनाव, 13 मई को...

Karnataka Chunao: 10 मई को होगा कर्नाटक असेंबली चुनाव, 13 मई को नतीजे

Karnataka Chunao: इलेक्शन कमीशन ने कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। 10 मई को पोलिंग होगी और नतीजे 13 मई को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहाकि वोटिंग एक चरण में कराई जाएगी। कर्नाटक में 5.21 करोड़ मतदाता हैं, जो 224 विधानसभा सीटों पर मतदान करेंगे। 9.17 लाख वोटर्स पहली बार वोट डालेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहाकि हमने एक प्रोसेस पहले शुरू की थी। इसके तहत जो लोग 1 अप्रैल को 18 साल के होंगे, वो भी वोट डाल सकेंगे। इसके लिए हमने एडवांस एप्लीकेशन मंगवा ली थीं।

बता दें कि राज्य में मौजूदा बीजेपी सरकार का कार्यकाल 24 मई को खत्म हो रहा है। इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और JDS के बीच रहेगा। पिछली बार JDS-कांग्रेस साथ थी, लेकिन इस बार JDS अलग चुनाव लड़ेगी।

Karnataka Chunao: इसके अलावा पंजाब और यूपी सहित 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर भी 10 मई को उपचुनाव होंगे। नतीजे 13 मई को आएंगे। पंजाब की जालंधर, ओडिशा की झारसुगुड़ा, उत्तर प्रदेश की छानबे और स्वार, मेघालय की सोहियोंग सीट पर उप-चुनाव होंगे। हालांकि, चुनाव आयोग ने राहुल गांधी की वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा नहीं की।

Karnataka Chunao: कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटें हैं। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 104, कांग्रेस को 78 और JDS ने 37 सीटें जीती थीं। किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। येदियुरप्पा ने 17 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और सदन में बहुमत साबित नहीं करने के कारण 23 मई को इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कांग्रेस-JDS की गठबंधन सरकार बनी।

14 महीने बाद कर्नाटक की सियासत ने फिर करवट ली। कांग्रेस और JDS के कुछ विधायकों की बगावत के बाद कुमारस्वामी को कुर्सी छोड़नी पड़ी। इन बागियों को येदियुरप्पा ने बीजेपी में मिलाया और 26 जुलाई 2019 को 119 विधायकों के समर्थन के साथ CM बीएस येदियुरप्पा बने, लेकिन 2 साल बाद ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। बसवराज बोम्मई को यहां का मुख्यमंत्री बना दिया गया।

गौर करें तो कर्नाटक में 12 मई 2018 को 222 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई थी। जिसमें 5.06 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से रिकॉर्ड 72.13 प्रतिशत ने मतदान किया था। सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज ने अपने सर्वे में इसे सबसे महंगा चुनाव बताया था। कर्नाटक चुनाव में तकरीबन 10 हजार 500 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे।

Karnataka Chunao: 224 विधानसभा सीटों वाला कर्नाटक 6 अलग-अलग हिस्सों में बंटा हुआ है। बेंगलुरु, सेंट्रल, तटीय, हैदराबाद-कर्नाटक, मुंबई-कर्नाटक और दक्षिणी कर्नाटक। मुंबई-कर्नाटक और दक्षिण कर्नाटक सबसे बड़े हिस्से हैं। मुंबई-कर्नाटक (50) और दक्षिण कर्नाटक (51) में 101 सीटें हैं।

गौर करें तो बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 150 सीटों का टारगेट रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 महीने में 7 बार कर्नाटक का दौरा किया। पिछले दौरे में बीएस येदियुरप्पा और मोदी की मुलाकात चर्चा का विषय रही है।

Karnataka Chunao: पीएम मोदी 27 फरवरी को शिवमोगा पहुंचे थे और यहीं उन्होंने येदियुपप्पा का झुककर अभिवादन किया था। येदियुरप्पा संन्यास का ऐलान कर चुके हैं। 4 बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके 79 साल के येदियुरप्पा कैम्पेन कमेटी के हेड बनाया जा सकता है। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments