लखनऊ/बहराइच। Sarvam Kalyan Sansthan: शिक्षा के क्षेत्र में सतत प्रयासरत सर्वम् कल्याण संस्थान वर्ष 2006 से लखनऊ और बहराइच जनपद में शैक्षिक जागरूकता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार के लिए काम कर रहा है।
इसी कड़ी में बहराइच जनपद के बेरिया क्षेत्र में संस्था द्वारा किंडर ज्वाय एकेडमी विद्यालय का सफल संचालन किया जा रहा है। यह क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि यहां के नौनिहाल शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहे हैं।
संस्था ने आगामी 23 मई 2026 को एक सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के शैक्षिक, सामाजिक और साहित्यिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र होंगे सम्मानित
शिक्षा के क्षेत्र में दिए जाने वाले पुरस्कार के लिए बेरिया गांव के आसपास के गांव—गोविंदापुर, रसूलपुर, खलीलपुर, गोकुलपुर, सेमरा, सरदारपुर, कोंडरी, अधमुडिया, मसीहाबाद और पुरवा—के वे सभी छात्र-छात्राएं पात्र होंगे, जिन्होंने सत्र 2026 में कक्षा 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण की है।
इन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मान पत्र मोहम्मद नदीम, आदरणीय मुख्य सूचना आयुक्त, उत्तर प्रदेश सरकार, द्वारा प्रदान किया जाएगा। यह क्षेत्र के लिए सम्मान और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का विषय है, जिससे उनके उत्साह और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।
आवेदन की अंतिम तिथि और प्रक्रिया
सम्मान के लिए पात्र छात्र-छात्राएं अपनी मार्कशीट की फोटो कॉपी, एक पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर
17 मई 2026 तक दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे के बीच मैडम प्रिया के पास जमा कर सकते हैं।
अन्य क्षेत्रों के उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का चयन
शैक्षिक क्षेत्र के अलावा सामाजिक व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का चयन एक चयन समिति द्वारा किया जाएगा, जिसमें ग्राम प्रधान बेरिया, पूर्व ग्राम प्रधान बेरिया, रज्जूबनिया, कु. दर्शिता, संस्था सदस्य प्रतिमा श्रीवास्तव, सुहेल देव सिंह, संजय सिंह, प्रताप जी मोहरना तथा वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज श्रीवास्तव (अहिरौरा) शामिल हैं।
संस्था का यह प्रयास न केवल मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि समाज में शिक्षा और सेवा के महत्व को भी और मजबूत करेगा।
