BHARATPOL: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को BHARAT POL पोर्टल से जुड़े कुछ अहम आंकड़े संसद में पेश किए। लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि यह पोर्टल शुरू होते ही हिट साबित हुआ है, और विदेशी एजेंसियां भी इसके जरिए रिक्वेस्ट भेज रही हैं।
सरकार के मुताबिक, 7 जनवरी 2025 को लॉन्च होने के बाद से इस पोर्टल के माध्यम से अब तक कानून प्रवर्तन एजेंसियों से इंटरपोल नोटिस के लिए 16 रिक्वेस्ट मिल चुकी हैं। नित्यानंद राय ने लोकसभा में लिखित जवाब में कहा, “भारतपोल पोर्टल के लॉन्च के बाद से, इस पोर्टल के माध्यम से कानून प्रवर्तन एजेंसियों से इंटरपोल नोटिस के लिए कुल 16 रिक्वेस्ट आई हैं।”
इसके अलावा, विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मदद मांगने के लिए इस पोर्टल के जरिए 8 रिक्वेस्ट भी प्राप्त हुई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मदद की मांग करने वाले कुल 30 इंटरनेशनल रिक्वेस्ट भी आए हैं।
यह पोर्टल 7 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लॉन्च किया गया था। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराधों जैसे ड्रग्स की तस्करी, अवैध प्रवासियों, हथियारों की तस्करी, साइबर अपराध, चाइल्ड पोर्नोग्राफी और आतंकवाद से संबंधित मामलों में विदेशी और भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाना है। यह पोर्टल केंद्रीय एजेंसियों के साथ-साथ राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस को अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए रियल टाइम रिक्वेस्ट भेजने में मदद करेगा।
BHARAT POL पोर्टल सीबीआई द्वारा तैयार किया गया है, और इसे सीबीआई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से इस्तेमाल किया जा सकता है। इस पोर्टल में पांच प्रमुख मॉड्यूल हैं: कनेक्ट मॉड्यूल, ब्रॉडकास्ट मॉड्यूल, इंटरपोल संदर्भ मॉड्यूल, इंटरपोल नोटिस मॉड्यूल और संसाधन मॉड्यूल। वर्तमान में 51 कानून प्रवर्तन एजेंसियां और 500 से अधिक यूनिट्स इस पोर्टल से जुड़ी हुई हैं।